होली की रात हत्या कर खेत मे दबाया था शव, फरार तीसरा आरोपी यूपी से गिरफ्तार
शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। शिमला ज़िला के सुन्नी थाना क्षेत्र में होली की रात दोस्त की हत्या कर शव को खेत में गड्ढे में दबाने की वारदात में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस खौफनाक हत्या कांड में शामिल तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान महेश कुमार चौहान (31) निवासी जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वारदात के बाद से वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और फरार चल रहा था। शिमला पुलिस की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे कुशीनगर से गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया जाएगा।
इससे पहले इसी मामले में पुलिस दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी अरुण कुमार को 25 मार्च को बिहार से पकड़ा गया था, जबकि दूसरे आरोपी बिकेश कुमार को नेपाल सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में कैथू जेल, शिमला भेजा जा चुका है।
यह मामला उस समय सामने आया था जब बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी चतुरी राम ने 15 मार्च को थाना सुन्नी में अपने 25 वर्षीय बेटे राम प्रवेश राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा बसंतपुर क्षेत्र में अपने साथियों के साथ किराए के कमरे में रहकर आरसीसी मकानों का निर्माण कार्य करता था और 3–4 मार्च की रात, यानी होली की रात से अचानक लापता हो गया था।
गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसी रात मृतक और उसके साथ काम करने वाले साथियों के बीच झगड़ा हुआ था। शक गहराने पर पुलिस ने जांच तेज की और 23 मार्च को बसंतपुर क्षेत्र के एक खेत से गड्ढा खोदकर शव बरामद किया गया। शव की पहचान राम प्रवेश राम के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि झगड़े के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को खेत में दबा दिया था।
वारदात के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए एक-एक कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी मुख्य आरोपी अब गिरफ्त में हैं और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

