home page

युवक की हत्या कर फरार हुए दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
युवक की हत्या कर फरार हुए दो आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला पुलिस ने बडियारा पुल के पास युवक के ब्लाइंड मर्डर मामले में कुल्लू जिला के कसौल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शिमला में पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि पुलिस थाना चिडग़ांव में 18 फ़रवरी को धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसी दिन 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि बडियारा पुल के समीप पब्बर नदी के किलोचा नाला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। शव से काफी खून बह रहा था तथा मृतक के दोनों हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे।

सूचना मिलते ही थाना चिडग़ांव की पुलिस टीम और डीएसपी रोहड़ू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान राकेश प्रताप उर्फ सेती राम कामी (36 वर्ष), निवासी डाकाडाम/2 नेपाल के रूप में हुई। वह बडियारा के एक व्यक्ति के बगीचे में मजदूरी करता था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब जुन्गा की टीम और पुलिस डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक और डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए। हत्या में इस्तेमाल पत्थर और खंजर भी बरामद किए गए। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के फोटो मीडिया के माध्यम से जारी किए गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना वाले दिन मृतक को दो नेपाली मूल के व्यक्तियों के साथ घूमते देखा गया था।

जांच के दौरान गवाहों से पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि 17 फरवरी 2026 को दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक से मिलने बडियारा पहुंचे थे। उन्होंने दिन में मृतक के कमरे में शराब पी और शाम करीब 7 बजे और शराब पीने के बहाने उसे पब्बर नदी के किनारे किलोचा नाला ले गए। वहां मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतक का चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उसका मोबाइल फोन गायब कर दिया, ताकि पहचान न हो सके। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए।

कुल्लू के कसोल में छिपे थे आरोपी

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के कुल्लू जिला के कसोल और मणीकर्ण क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली। प्रवासी मजदूर पंजीकरण रजिस्टर की जांच के बाद आरोपियों की पहचान ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20 वर्ष) पुत्र नैन बहादुर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट, नेपाल और साहबीर लुवर (21 वर्ष) पुत्र विसे लुवर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट, नेपाल के रूप में हुई। दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ही गांव देवीधार में मजदूरी के लिए आए थे और घटना के दिन से लापता थे। 22 और 23 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को चिडग़ांव पुलिस टीम ने कसोल जिला कुल्लू में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और उन्हें थाना चिडग़ांव लाया गया। आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों को काम पर रखने या मकान किराये पर देने से पहले नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में उनका पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में समय पर पहचान और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा