home page

कुल्लू जेई हत्याकांड : महिला डॉक्टर, पति, देवर और ससुर गिरफ्तार, अवैध संबंधों के शक में की गई हत्या

 | 

कुल्लू, 30 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में कुल्लू पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला डॉक्टर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे महिला डॉक्टर और मृतक के बीच कथित अवैध संबंधों का शक मुख्य वजह था। इस मामले में महिला डॉक्टर, उसके पति डॉ. करण ठाकुर, देवर दिनेश कुमार और ससुर विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदन लाल कौशल ने वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपियों ने लाभ सिंह गुलेरिया को अपने घर बुलाया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अधमरी हालत में गांधीनगर क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को सड़क हादसे का रूप दिया जा सके।

गौरतलब है कि 24 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद लाभ सिंह गुलेरिया घर नहीं पहुंचे। चिंतित पत्नी ने जब उन्हें फोन किया तो उन्होंने रात करीब 11 बजे बताया कि सड़क दुर्घटना के कारण देर हो रही है। अगले दिन सुबह जल शक्ति विभाग के गांधीनगर कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी ने शुरुआत से ही इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह