home page

दिल्ली के पांच सितारा होटल में पूर्वोत्तर की युवती से छेड़छाड़ मामले में केस दर्ज

 | 

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित एक पांच सितारा होटल की पार्किंग में पूर्वोत्तर की रहने वाली युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और उसे जबरन कार में खींचने का प्रयास करने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार नागालैंड की रहने वाली युवती अपने एक दोस्त के साथ चाणक्यपुरी के पांच सितारा होटल में गई थी। रविवार तड़के 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ वॉशरूम से लौट रही थी। तभी सफेद रंग की मर्सिडीज कार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने युवती को रोक लिया और उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता करते हुए उसे जबरन अपनी कार में खींचने का प्रयास किया।

युवती के दोस्तों आयुष, उद्भव और समर्थ ने आरोपितों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड निकाल ली और युवती के दोस्तों पर हमला कर दिया। मारपीट में आयुष के दांत में चोट लगी। वहीं, उद्भव और समर्थ को भी आरोपितों ने पीटा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित अपनी मर्सिडीज कार लेकर वहां से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने कार का पंजीकरण नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने इसी जानकारी के आधार पर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए आरएमएल अस्पताल भेजा। युवती की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस होटल की पार्किंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल सभी तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी