home page

शिमला : लापता युवक का खेत में दबा मिला शव, तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप, फरार

 | 
शिमला : लापता युवक का खेत में दबा मिला शव, तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप, फरार


शिमला, 23 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले लापता हुए 25 वर्षीय युवक के मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस युवक की कई दिनों से तलाश की जा रही थी, उसका शव अब बसन्तपुर के पास एक खेत के कोने में गड्ढे में दबा हुआ मिला है। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या उसके साथ रहने वाले तीन साथियों ने ही की और वारदात के बाद वे फरार हो गए हैं। इस घटना के सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम प्रवेश राम उर्फ कुटुम्ब (25) निवासी जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। वह अपने तीन अन्य साथियों अरुण, विकेश कुमार और महेश कुमार (सभी 22 वर्ष) के साथ शिमला जिले के बसन्तपुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर भवन निर्माण कार्य करता था। ये सभी मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और मजदूरी का काम करते थे।

मामले की शुरुआत 15 मार्च को हुई थी, जब मृतक के पिता चतुरी राम निवासी जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) ने थाना सुन्नी में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा अपने तीन साथियों के साथ लापता है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बसन्तपुर में उनके किराये के कमरे की तलाशी ली, लेकिन कमरे में कोई मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान तीनों साथी मौके से फरार पाए गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर बसन्तपुर से सुन्नी मार्ग की ओर झाड़ियों में एक बोरा और कम्बल फेंका हुआ मिला। इसके पास ही सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे जंगल से लगे खेत के कोने में ताजा खुदाई के निशान दिखाई दिए। जब पुलिस ने उस स्थान को खोदा तो वहां से युवक का शव बरामद हुआ।

22 मार्च को थाना प्रभारी सुन्नी दिलू राम शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकाला और प्रारंभिक पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेजा गया। स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने भी शव की पहचान राम प्रवेश राम के रूप में की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या उसके साथियों ने ही की और इसके बाद शव को खेत में दबा दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक के साथ रहने वाले अरुण, विकेश कुमार और महेश कुमार पर हत्या की नीयत से अपहरण करने का मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका था। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर यह भी सामने आया कि तीनों ने मिलकर राम प्रवेश राम का अपहरण किया और उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस मामले में थाना सुन्नी में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा