ठियोग से तीन नाबालिग छात्र लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र से तीन नाबालिग छात्र लापता हो गए हैं। तीनों छात्र 14 और 15 वर्ष के हैं और ठियोग में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। वे 15 नवंबर को कमरे से बिना किसी को बताए चले गए और उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को तीनों छात्रों के लापता होने की सूचना सोमवार को मिली। इसके बाद एक शिकायत के आधार पर ठियोग पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
लापता छात्रों की पहचान दिव्यांश (14) पुत्र रमेश, निवासी बासाधार, ठियोग, शिवांश (14) पुत्र संजय शर्मा, निवासी चिखड़, ठियोग और आदित्य उर्फ आदि (15) पुत्र रमेश चंद, निवासी धगाली के रूप में हुई है। तीनों शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र के रहने वाले हैं और वहीं रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार तीनों में से दो छात्र दसवीं कक्षा और एक छात्र 11वीं कक्षा में पढ़ता है। तीनों के एक साथ कमरे से चले जाने और अब तक वापस नहीं लौटने के बाद परिजन उनकी तलाश में जुटे हैं। स्थानीय पुलिस भी उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों नाबालिगों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

