home page

महाराष्ट्र में 12 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या, छानबीन जारी

 | 

मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में 12 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म कर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई है। बालिका का बिना कपड़ों के शव एक फार्म हाउस में मिला। इस घटना की जानकारी मिलते ही सावंगी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन छानबीन सावंगी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज पत्रकारों को बताया कि बच्ची का बिना कपड़ों के शव बुधवार शाम करीब 6 बजे सावंगी थाना क्षेत्र के एक गांव में मिला था। इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के तीन-चार गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, उप-विभागीय पुलिस अधिकारी महादिक, क्राइम ब्रांच पुलिस इंस्पेक्टर विनोद चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा करके बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना के बाद देर रात तक गांव में तनाव का माहौल रहा।

इसको देखते हुए गुरुवार को सुबह गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक बालिका का परिवार खेती-बाड़ी करके अपना गुजारा करता है। बच्ची की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। देर रात से अब तक परिवार और गांव के लोगों के बयान दर्ज करने का काम चल रहा है। पोस्टमॉर्टम जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद इस घटना का मोटिव साफ होगा। हालांकि आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव