मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के बेटे पर हमले में एफआईआर, नकाबपोश हमलावर फरार
शिमला, 21 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर गनपॉइंट पर हमले और अपहरण की कोशिश के मामले में पुलिस ने शिमला के थाना ढली में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। यह घटना शुक्रवार को शिमला से सटे मशोबरा के तारापुर क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार यह एफआईआर आर्यन चौहान के बयान पर दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि वह तारापुर स्थित एक निजी होटल का प्रबंधन देखते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 1:25 बजे जब वह अपनी कार से शिमला की ओर जा रहे थे, तभी एक सफेद आल्टो कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार से उतरे दो नकाबपोश लोगों में से एक ने उन पर पिस्तौल तान दी, जबकि दूसरे के हाथ में लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने नकदी की मांग की और गोली मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के अनुसार जान का खतरा देखते हुए आर्यन चौहान ने अपनी कार पीछे मोड़ी, जो सड़क किनारे ढलान से टकरा गई। इसके बाद वह ढलान की ओर छलांग लगाकर किसी तरह वहां से निकल गए और घायल हालत में वापस होटल पहुंचे। बाद में उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की कार का नंबर आंशिक रूप से HP58 बताया गया है।
ढली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 311, 109, 126(2), 351, 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा 27 के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई सफेद आल्टो कार बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी पर लगा नंबर फर्जी था। पुलिस को शक है कि वारदात पहले से योजना बनाकर की गई हो सकती है।
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी जांच भी तेज कर दी गई है। संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक सभी आरोपी फरार हैं।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पीड़ित युवक मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार का बेटा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद राजधानी शिमला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

