home page

शिमला : ढाबे पर चाय परांठा खाने के बाद महिला की आंखों में मिर्च डाल मंगलसूत्र छीनकर भागा बदमाश

 | 
शिमला : ढाबे पर चाय परांठा खाने के बाद महिला की आंखों में मिर्च डाल मंगलसूत्र छीनकर भागा बदमाश


शिमला, 27 सितंबर (हि.स.)। नेशनल हाइवे किनारे ढाबे पर चाय-पराठे खाने के बाद वहीं बैठे एक बदमाश ने 61 वर्षीय महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब महिला का पति निजी सामान लेने बाजार गया था और वह ढाबे पर अकेली थी। महिला के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है और वह सफेद चेकदार कमीज, काली पैंट, जिस पर सफेद पट्टियां थीं, तथा काले जूते पहने हुए था। वारदात शिमला जिला के कुमारसेन थाना अंतर्गत बरूवाग में नेशनल हाइवे-05 के किनारे स्थित ढाबे पर दिनदहाड़े हुई।

पुलिस के अनुसार बरूवाग में हाइवे किनारे करीब एक महीने पहले 61 वर्षीय कांंकू देवी पत्नी सुंदर लाल ने अपने पति के साथ ढाबा (भोजनालय) शुरू किया था। 26 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके ढाबे पर आया और चाय-पराठे खाने के बाद वहीं बैठा रहा। करीब 11 बजे महिला का पति सुंदर लाल निजी सामान लेने के लिए नारकंडा बाजार चला गया। इसके बाद महिला ढाबे पर अकेली रह गई।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह ढाबे के बाहर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान वहां पहले से बैठा अज्ञात व्यक्ति अचानक पीछे से उसके पास आया और दोनों हाथों से उसकी दोनों आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण महिला कुछ देख नहीं सकी। इसी दौरान आरोपी ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीना और मौके से भाग गया।

महिला ने शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उस समय आसपास कोई व्यक्ति या वाहन नहीं था। आंखों में मिर्च पाउडर पड़ने के कारण वह यह भी नहीं देख सकी कि आरोपी किस दिशा में भागा। शिकायत के अनुसार आरोपी जब भी ढाबे पर खाना खाने आता था, सफेद चेकदार कमीज, काली पैंट जिस पर सफेद पट्टियां थीं और काले जूते पहनता था। उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई गई है।

महिला के अनुसार उसने सोने का मंगलसूत्र करीब 15 साल पहले 10 हजार रुपये में खरीदा था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस थाना कुमारसैन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक किशोरी लाल कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और फरार आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

इलाके में दो हफ्ते के भीतर स्नैचिंग की दूसरी वारदात

गौरतलब है कि इसी महीने कुमारसैन क्षेत्र में एक 61 वर्षीय महिला से सोने की बालियां छीनने की घटना भी सामने आई थी। 14 सितंबर को लटयाणा निवासी सुनो देवी के अनुसार वह कंडियाली बाजार से एनएच-05 की ओर गांव जाने वाले रास्ते पर जंगल से होकर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों से सोने की बालियां छीन ली थीं और फरार हो गया था। उस मामले में भी कुमारसैन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा