home page

शिमला : पेड़ से फंदे पर लटका मिला कूरियर कर्मचारी

 | 

शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। जिस लापता व्यक्ति की तलाश में परिवार पुलिस के पास पहुंचा था, वह अगले ही दिन शिमला के कुसुम्पटी स्थित हिमुडा कॉलोनी के पास जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय गोविंद सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिरमौर जिले के संगड़ाह का रहने वाला था और शिमला में विकास नगर क्षेत्र में रहकर एक निजी कूरियर कंपनी में काम करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार गोविंद सिंह शनिवार से लापता था। उसकी पत्नी ने कुसुम्पटी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार को कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि हिमुडा कॉलोनी के पास जंगल में एक व्यक्ति पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान पुलिस ने व्यक्ति को पेड़ से फंदे पर लटका हुआ पाया। शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा