home page

शिमला : शराब के विवाद में नेपाली मूल के मजदूर की हत्या, दोस्त गिरफ्तार

 | 
शिमला : शराब के विवाद में नेपाली मूल के मजदूर की हत्या, दोस्त गिरफ्तार


शिमला, 30 मई (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में नेपाली मूल के एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतक के साथी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले के अनुसार देर रात दो व्यक्ति, जो एक ही डेरे (अस्थायी निवास) में रहते थे और बागवानी कार्य करते थे, साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान समीर चौधरी पुत्र मंगत राम, निवासी लामकी चुहा, जिला कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी दीपक धारजी (40) पुत्र स्वर्गीय बहादुर धारजी, हाल निवासी बेंगलुरु, कर्नाटक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच एक मामूली विवाद के बाद यह वारदात हुई।

मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चौपाल थाना में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला शराब पीने के दौरान हुए विवाद से जुड़ा पाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा