तीन दोस्तों पर लापता युवक के अपहरण का आरोप, एफआईआर
शिमला, 22 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले चार युवकों के एक साथ लापता होने के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में इसे सामान्य गुमशुदगी का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि तीन दोस्तों पर ही चौथे युवक के अपहरण और हत्या की नीयत का आरोप लगा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला मूल रूप से बिहार के रहने वाले एक युवक की गुमशुदगी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता चतुरी राम पुत्र स्वर्गीय सरजू राम, निवासी वीपीओ सिंगारफुलगा, तहसील व जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) ने 15 मार्च को लिखित शिकायत दी थी कि उनका बेटा राम प्रवेश राम अपने तीन अन्य साथियों अरुण, विकेश कुमार और महेश कुमार के साथ लापता हो गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुन्नी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर यह संदेह गहराया कि राम प्रवेश राम के साथ लापता हुए उसके तीनों साथी अरुण पुत्र विश्वनाथ निवासी गांव देवी छपरा, डाकघर रामकरण पकरी, जिला मोतिहारी (बिहार), विकेश कुमार पुत्र रघुनी राम निवासी गांव देवी छपरा, डाकघर रामकरण पकरी, जिला मोतिहारी (बिहार) और महेश कुमार निवासी बिहार ने मिलकर ही राम प्रवेश राम का अपहरण किया है और उसकी हत्या करने की नीयत से यह वारदात की गई।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों को गंभीर मानते हुए सुन्नी थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1), 3(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि अब इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

