home page

वाहन से निकले पिता-पुत्री का सुराग नहीं, अपहरण का केस दर्ज

 | 
वाहन से निकले पिता-पुत्री का सुराग नहीं, अपहरण का केस दर्ज


शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिला के कुमारसैन की ओर गए मंडी जिला के करसोग निवासी व्यक्ति और उसकी 18 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने से सुन्नी क्षेत्र में मामला पुलिस तक पहुंचा है। दोनों 12 सितंबर की शाम पिकअप में निकले थे। रात करीब डेढ़ बजे लापता हुए व्यक्ति ने फोन पर पत्नी को पन्दोआ पहुंचने की जानकारी दी, इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन तलाश के दौरान उनकी पिकअप ओगली गांव में सड़क किनारे खड़ी मिली। गाड़ी का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा हुआ था।

परिजनों की शिकायत पर सुन्नी थाना क्षेत्र के तहत जलोग पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर पिता-पुत्री की तलाश शुरू कर दी गई है। पत्नी ने आशंका जताई है कि दोनों को अगवा कर कहीं ले जाया गया है। पुलिस पिकअप के ओगली में मिलने और शीशा टूटे होने समेत पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है।

पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत दर्ज किया गया है। जलोग चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक बृज लाल मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक लापता पिता-पुत्री का पता लगाने के लिए संभावित स्थानों पर तलाश कर की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा