home page

इटाढ़ी के बधार में धान के खेत से 18 वर्षीय युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
इटाढ़ी के बधार में धान के खेत से 18 वर्षीय युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका


बक्सर, 09 अगस्त (हि.स.)। इटाढ़ी गांव के नेटुआ वीर बाबा के समीप पूर बधार में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान इटाढ़ी निवासी स्वर्गीय पारस चौधरी के 18 वर्षीय पुत्र उपेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि उपेन्द्र कुमार शनिवार की शाम करीब चार बजे घर से लापता हो गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मित्रों और आसपास के गांवों में खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की दोपहर इटाढ़ी गांव के पूरब बधार स्थित धान के खेत में उसका शव बरामद हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के लग रहा है। वास्तविक कारणों का पता जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।पुलिस ने घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra