नगर निगम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए ठगे
जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम में फॉर्थ ग्रेड कर्मचारी की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 6 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी परिचित ने नौकरी दिलाने की गारंटी देकर पीड़ित से रकम ऐंठ ली और विश्वास दिलाने के लिए उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। जब पीड़ित नगर निगम कार्यालय में जॉइनिंग लेटर लेकर पहुंचा तो उसके फर्जी होने का पता चला। इसके बाद आरोपी से रुपए वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। आखिरकार पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर नारायण विहार थाने में मामला दर्ज करवाया है।
एएसआई देवराज सिंह ने बताया कि मांग्यावास मानसरोवर निवासी रिंकू कुमार (35) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित मांग्यावास के लवकुश विहार स्थित एक वर्कशॉप पर काम करता है। वर्ष 2023 से आरोपी रवि कुमार मीणा का वर्कशॉप पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हो गया।
आरोप है कि बातचीत के दौरान रवि कुमार ने पीड़ित को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उसने अपने चाचा के जरिए जयपुर नगर निगम में फॉर्थ ग्रेड कर्मचारी के पद पर नौकरी लगवाने की गारंटी दी। इसके एवज में 6 लाख रुपए की मांग की।
पीड़ित ने आरोपी की बातों पर विश्वास कर उसे 6 लाख रुपए दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने उसे विश्वास दिलाने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर दे दिया। पीड़ित जब नगर निगम कार्यालय में जॉइनिंग के लिए पहुंचा तो लेटर फर्जी होने का पता चला। इसके बाद उसने आरोपी से संपर्क कर रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
आरोपी की धोखाधड़ी से परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रविवार को नारायण विहार थाने में आरोपी रवि कुमार मीणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

