घर से दिनदहाड़े लाखों के गहने-नकदी चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। जिला शिमला के रोहड़ू उपमण्डल में दिनदहाड़े हुई चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर किया गया। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार 6 अप्रैल को रोहड़ू थाना में ग्राम खारला तहसील टिक्कर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि अज्ञात लोग दिन के समय उसके घर में घुस गए। आरोपियों ने गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 7.5 तोला सोने के आभूषण और 51 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना रोहड़ू में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लेकर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस का कहना है कि इसी जांच के आधार पर चोरी की वारदात का खुलासा हुआ और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय राहुल निवासी जिला मंडी, 39 वर्षीय दीपक घई निवासी जिला मंडी और 30 वर्षीय मेहर चंद निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल और मेहर चंद पहले भी कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस इन आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

