आभूषण-नकदी चोरी के मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 17 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के कई मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से गिरफ्तारी से बच रहा था और उसके खिलाफ शिमला जिले के विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय योगराज पुत्र जीवानंद के रूप में हुई है। वह सुन्नी के बसंतपुर का रहने वाला है। 16 अगस्त को पुलिस थाना सुन्नी की टीम गश्त और सुराग जुटाने के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने सवांकर (नौटीखड्ड) के पास आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक योगराज एक ऐसे मामले में वांछित था, जिसमें मई 2025 में करीब दो लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। पूछताछ के बाद उसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सुन्नी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में भी वांछित था। इस मामले में करीब एक लाख 75 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना दर्ज की गई थी।
इसके अलावा आरोपी का नाम पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में भी सामने आया है।
इस मामले में करीब पांच लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सामने आए इन मामलों में कुल करीब 8.75 लाख रुपये की नकदी और संपत्ति की चोरी का संबंध पाया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की गई नकदी और सामान का क्या हुआ तथा इन मामलों में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

