home page

रामपुर में वाहन से अवैध शराब बरामद, दो लोगों पर मामला दर्ज

 | 
रामपुर में वाहन से अवैध शराब बरामद, दो लोगों पर मामला दर्ज


शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वाहन से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। यह कार्रवाई बुधवार शाम थाना रामपुर पुलिस द्वारा नोगली क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की कुल 218 बोतल शराब बरामद हुई। इनमें ट्यूबोर्ग बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज, स्टर्लिंग रिजर्व, सोलन नंबर 1, आइकोनिक व्हाइट, नाटी नंबर 1 और ऊना नंबर 1 शामिल हैं।

वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान मुनीश कुमार, निवासी करसोग (जिला मंडी) और संजय कुमार, निवासी आनी (जिला कुल्लू) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों व्यक्ति बरामद शराब के संबंध में कोई वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

इसके बाद दोनों के खिलाफ थाना रामपुर में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरूवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध शराब के स्रोत और गंतव्य का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा