home page

रामपुर में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने पर मामला दर्ज

 | 
रामपुर में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने पर मामला दर्ज


शिमला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी दुकान पर पटाखे बेच रहा था। जांच के दौरान वह पटाखे बेचने का लाइसेंस या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका।

आरोपी की पहचान रामपुर के डाकोलर गांव निवासी हितेश कुमार (30) के रूप में हुई है। रामपुर पुलिस थाने में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पवन कुमार 29 अक्तूबर की शाम को पुलिस कर्मियों के साथ भद्राश क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि डाकोलर में हितेश कुमार बिना लाइसेंस के पटाखे बेच रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी की दुकान पर पहुंची और उससे पटाखे बेचने के लिए आवश्यक लाइसेंस या अनुमति पत्र दिखाने को कहा। पुलिस के अनुसार आरोपी इस संबंध में कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।

मामले की जांच रामपुर पुलिस थाने में एएसआई पवन कुमार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा