मंडी के पंडोह में पुलिस ने दो सगे भाईयों से पकड़ा अवैध शराब का जखीरा
मंडी, 04 जून (हि.स.)। मंडी जिले की पंडोह पुलिस चौकी की टीम को अवैध शराब कारोबार में देसी शराब का एक बड़ा जखीरा पकड़ने में कामायाबी हासिल हुई है। पकड़े गए दोनों सगे भाई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर जब मंडी कुल्लू मार्ग पर पंडोह के पास जागरनाला में फोरलेन पर नाका लगा रखा था तो एक जीप एचपी 66 बी -2278 को जैसे ही रोकने के लिए इशारा किया तो जीप चालक इसे जागर गांव की ओर जाने वाली सड़क की ओर घुमा कर ले गया। पंडोह पुलिस के सहायक निरीक्षक अशोक पठानिया, मुख्य आरक्षी मनोज ठाकुर, मुख्य आरक्षी रजनी कांत, आरक्षी पवन कुमार, आरक्षी लोक राज व आरक्षी अमित कुमार की टीम ने इसे भाग कर कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया गया। जीप के चालक व इसमें सवार एक अन्य युवक से जब यह पूछा गया कि जीप में क्या भरा है तो वह इधर उधर देखने लगे व कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पुलिस की टीम ने जीप पर बांधे गए नीले तिरपाल को हटाया तो टीम भौंचक्क रह गई क्योंकि इसमें पूरी तरह से शराब की पेटियां लदी हुई थी। जीप चालक ने अपना नाम लतेश पुत्र नरेंद्र कुमार गांव रड़ा मैरामसीत तहसील सुंदरनगर जिला मंडी व साथ बैठे लड़के ने अपना नाम नितीश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार गांव रड़ा मैरामसीत तहसील सुंदरनगर जिला मंडी बताया। यानी दोनों सगे भाई निकले और जब जीप की तलाशी ली गई तो इसमें 1212 बोतलें कांच देश शराब मार्का वीआरवी संतरा पाई गई।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि अवैध शराब पकड़े जाने का यह बहुत बड़ा मामला है। कुल 9 लाख 09000 हजार मिलीमीटर शराब बनती है। दोनों भाईयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके शराब को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को ही अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है कि यह माल किसका है, इसे कहां ले जाया जा रहा था और कहां से इसे लाया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

