शिमला में दो जगह अवैध शराब बरामद, केस दर्ज
शिमला, 23 मई (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की है। दोनों मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
पहला मामला थाना कुपवी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सांय पुलिस दल ने थाना कुपवी के पास संदेह के आधार पर एक ऑल्टो कार नंबर HP58A-4593 को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर रखे गत्ते के डिब्बे से रॉयल स्टैग और शाही संतरा शराब की 12-12 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने वाहन चालक राकेश सकटा, पुत्र छज्जू राम, निवासी ग्राम एवं डाकघर जुब्बली, तहसील कुपवी, जिला शिमला, उम्र 31 वर्ष, के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला थाना चौपाल क्षेत्र का है। पुलिस ने सराहां स्थित पीएनबी बैंक के पास कर्मदास की दुकान में तलाशी ली। उस समय दुकान में उसकी पत्नी बिमला मौजूद थी। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई चार पेटियां बरामद हुईं। इनमें दो पेटियों में “नाटी नं.1 संतरा” ब्रांड की 24 बोतलें देशी शराब और अन्य दो पेटियों में “थंडर बोल्ट प्लेटिनम” ब्रांड की 24 बोतलें बीयर मिलीं। सभी बोतलें सीलबंद थीं और उन पर “For Sale in Himachal Pradesh Only” लिखा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

