home page

झाकड़ी में दुकान से अवैध बरामद, केस दर्ज

 | 
झाकड़ी में दुकान से अवैध बरामद, केस दर्ज


शिमला, 02 मई (हि.स.)। शिमला जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। जिला शिमला पुलिस की टीम ने झाकड़ी क्षेत्र में एक दुकान पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात थाना झाकड़ी की टीम इलाके में गश्त पर थी और आबकारी अधिनियम के तहत नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूचना मिली, जिसके आधार पर झाकड़ी बाजार के रेहड़ी मार्किट में स्थित एक “चिकन कॉर्नर” नाम की दुकान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से अंग्रेजी शराब की 6 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार हर पेटी में 12 बोतलें थीं, इस तरह कुल 72 बोतलें शराब बरामद की गईं। यह शराब “रॉयल जनरल व्हिस्की” ब्रांड की बताई जा रही है।

जांच के दौरान दुकान के मालिक नोखी राम, निवासी गांव चांदपुर, तहसील रामपुर, जिला शिमला, से शराब के संबंध में वैध परमिट या लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

इस संबंध में थाना झाकड़ी में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा