हिमाचल में चालू वित्त वर्ष में 29,542 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद, 546 मामले दर्ज
शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने चालू वित्त वर्ष के दौरान अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 546 मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से 29,542.153 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। इसके अलावा 13,797.550 लीटर लाहन भी पकड़ी गई, जिसे बाद में नष्ट कर दिया गया।
विभाग के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमें बनाई गई हैं। प्रदेशभर में इस कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न जिलों में निरीक्षण के दौरान सोलन से 7,504.074 बल्क लीटर, कुल्लू से 6,773.890 बल्क लीटर, बिलासपुर से 3,179.240 बल्क लीटर और मंडी से 1,823.600 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
प्रवक्ता के अनुसार अक्तूबर महीने में भी विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। दक्षिण क्षेत्र शिमला में 2,775.922 बल्क लीटर अवैध शराब और 2,950 लीटर लाहन बरामद की गई। मध्य क्षेत्र मंडी में 1,167.750 बल्क लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। वहीं, उत्तरी क्षेत्र पालमपुर में 635 बल्क लीटर अवैध शराब और 640 लीटर लाहन बरामद की गई।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कारोबार से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

