home page

अवैध हथियारों के साथ दो बदमाश दबोचे

 | 
अवैध हथियारों के साथ दो बदमाश दबोचे


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों के साथ घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, बटनदार चाकू और एक कार बरामद की गई है।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को बताया कि हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और खुफिया सूचना के आधार पर टीम को पता चला कि कुछ युवक हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विशाल उर्फ तुस्सू (20) निवासी त्रिलोकपुरी और अनुराग उर्फ बुधी (21) निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों किसी संगीन अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उनकी साजिश नाकाम हो गई। इस संबंध में पांडव नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों को हथियार कहां से मिले और इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी