दीपावली से पहले रोहड़ू और ठियोग में भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद
शिमला, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ जिला पुलिस शिमला ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने रोहड़ू और ठियोग में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। रोहड़ू में एक दुकान से पटाखों के 577 पैकेट से भरे छह गत्ते के कार्टन मिले हैं। वहीं, ठियोग के चियोग में एक स्टोर से भी विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्ति पटाखों के भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सके।
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर को रोहड़ू बाजार में गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपर बाजार निवासी अजय कुमार गुप्ता अपनी दुकान में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दुकान की तलाशी ली। इस दौरान पटाखों के 577 पैकेट छह गत्ते के कार्टन में रखे मिले। पुलिस ने दुकानदार से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई ठियोग के चियोग बस स्टैंड के पास की गई। पुलिस चौकी फागू की टीम गश्त पर थी, तभी उसे सूचना मिली कि चेओग निवासी 38 वर्षीय ओम प्रकाश अपने स्टोर में बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे हुए है। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्टोर की तलाशी ली। इस दौरान तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टन से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। ओम प्रकाश भी इनके भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका।
पुलिस ने दोनों स्थानों से बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। रोहड़ू और ठियोग पुलिस थानों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों की जांच जारी है।
एससपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि दीपावली को देखते हुए जिले में अवैध पटाखों के भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

