home page

शिमला : भाई की जगह परीक्षा देने पहुंची बहन, 10 मिनट में खुल गया राज, एफआईआर

 | 
शिमला : भाई की जगह परीक्षा देने पहुंची बहन, 10 मिनट में खुल गया राज, एफआईआर


शिमला, 07 जून (हि.स.)। परीक्षा कक्ष में छात्र-छात्राएं अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में जवाब लिखने में जुटे थे। परीक्षा शुरू हुए अभी महज 10 मिनट ही बीते थे कि एक परीक्षार्थी पर निरीक्षक की नजर ठहर गई। कुछ सवाल-जवाब हुए, दस्तावेजों की जांच हुई और फिर ऐसा खुलासा हुआ जिसने परीक्षा केंद्र में मौजूद अभ्यर्थियों व परीक्षा स्टाफ को भी हैरान कर दिया। आरोप है कि परीक्षा दे रही युवती अपने भाई की जगह परीक्षा देने पहुंची थी। पुलिस ने युवती के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला राजधानी शिमला के संजौली स्थित सरकारी महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र 1101 का है। केंद्र अधीक्षक डॉ. मदन शांडिल की शिकायत पर सदर थाना शिमला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 6 जून को बीएजी (बैचलर ऑफ आर्ट्स जनरल) कार्यक्रम की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद कक्ष संख्या-9 में ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक परवीन कुमार को एक परीक्षार्थी की पहचान को लेकर संदेह हुआ।

जांच के दौरान पता चला कि परीक्षा दे रही युवती अंबिका, जिला सिरमौर के रोहनाट क्षेत्र की रहने वाली है। आरोप है कि वह अपने भाई रंजीत की जगह परीक्षा देने बैठी थी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) का पाया गया। इसके बाद केंद्र प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

शिकायत के आधार पर सदर थाना शिमला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह बैठने की योजना कैसे बनाई गई, इसके लिए किन दस्तावेजों या पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया गया और क्या इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी महाविद्यालय संजौली स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाता है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा