हाउसकीपिंग कंपनी के नाम पर वरिष्ठ अधिकारी से बीस हजार रुपये ठगे
नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी में एक परिवार को हाउसकीपिंग सर्विस कंपनी के जरिए कुक रखना परेशानी का सबब गया। नोएडा के सेक्टर 78 में रहने वाले अधिकारी से हाउसकीपिंग सर्विस कंपनी ने सेवा के लिए बीस हजार रुपये ठग लिए और सेवा भी उपलब्ध नहीं कराई। सर्विस कंपनी के दाेनाें पते भी फर्जी निकले। अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने के साथ ही कंज्यूमर केस भी दायर किया है।
नोएडा के सेक्टर 78 में रहने वाले सरकारी सेवा के वरिष्ठ रैंक के अधिकारी आलोक यादव ने बताया कि सुलेखा डॉट कॉम पर सर्विस के लिए उन्हाेंने ऑनलाइन रिक्वेस्ट डाली थी, जिसके बाद दो कंपनियों ने उनसे संपर्क किया था। इनमें से एक कंपनी जेपी होम सॉल्यूशन कंपनी ने कुछ प्रोफाइल भी भेजे, जिसमें कंपनी ने गुड़गांव के अपने दो पते दिए थे। आलोक यादव ने यादव ने बताया कि जेपी होम सॉल्यूशन कंपनी के डायरेक्टर जय प्रकाश आनंद नामक व्यक्ति ने फाेन पर बात करने के बाद सर्विस के लिए उनसे 20 हजार रूपये मांगे। इस पर उन्हाेंने ऑनलाइन उसके खाते में 20 हजार रुपये जमा करा दिए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भी कंपनी से उन्हें सर्विस ठीक से नहीं दी गई। बार-बार शिकायत करने के बाद भी कंपनी से कोई उचित जवाब नहीं मिला। इस पर उन्हाेंने कंपनी के दिए गए पते पर अपने परिचिताें काे गुड़गांव भेजा, लेकिन गुड़गांव के दोनों पते फर्जी निकले। इसके बाद एजेंसी के फर्जी होने का शक होने के बाद उन्हाेंने लेबर कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर से भी शिकायत की और कंज्यूमर केस भी दायर किया। आलोक यादव ने पुलिस से मांग की है कि ऐसी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि कोई अन्य व्यक्ति या बुजुर्ग इनका शिकार न बनें।
उल्लेखनीय है कि जय प्रकाश नामक व्यक्ति ने अपनी कंपनी को गुड़गांव में फर्जी पते पर रजिस्टर्ड दिखाया है। ऐसी फर्जी कंपनियां सुरक्षा के लिहाज से काफी ख़तरनाक साबित हो सकती हैं और इनकी आड़ में कोई बड़ी घटना घट सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील सक्सेना

