शिमला : घर का ताला तोड़कर कांसे के बर्तन चोरी, पुलिस ने मामला दर्ज किया
शिमला, 25 मार्च (हि.स.)। शिमला जिला के कुमारसैन थाना क्षेत्र के वनेवग गांव में एक घर में ताला तोड़कर कांसे के बर्तन चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को यह शिकायत गांव वनेवग निवासी कृष्ण कुमार बाली ने ई-मेल के माध्यम से दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 19 मार्च की शाम करीब 7 बजे उनके बड़े भाई बिहारी लाल बाली ने फोन पर उन्हें सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने के बाद कृष्ण कुमार और उनकी पत्नी रात करीब 1 बजे अपने घर पहुंचे।
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से कांसे के 12 थाल और 6 गिलास चोरी हो चुके थे। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25,500 रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कुमारसैन में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने के प्रयास तेज किए गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे मामले का जल्द खुलासा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

