कमरे में जुआ खेल रहे छह लोग पकड़े, 37 हजार रुपये बरामद
शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के झाकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कमरे में रुपये दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 37 हजार रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्तों की गड्डी बरामद की है। पुलिस ने इस संबंध में जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार रविवार देर शाम झाकड़ी पुलिस की टीम सनारसा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक मकान के कमरे में कुछ लोगों के जुआ खेलने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कमरे में दबिश दी तो वहां छह लोग रुपये दांव पर लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेलते मिले। मौके से पुलिस ने 37 हजार रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्तों की गड्डी बरामद की।
पुलिस ने मौके से रवि दत्ता (41) निवासी पुजारली, ज्ञान सिंह (38) निवासी रामपुर, मुन्नी लाल (53) निवासी रामपुर, कृष्ण कुमार (42) निवासी रामपुर, अजय कुमार (37) निवासी निचार और निक्का राम (46) निवासी रामपुर जिला शिमला को पकड़ा।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सभी अभियुक्तों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

