रोहड़ू में जुआ खेलते चार लोग काबू, केस दर्ज
शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रोहड़ू पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम ने सज्जर-शेखल सड़क के समीप दबिश देकर इन लोगों को जुआ खेलते हुए पाया। मौके से 6,840 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 13 नवंबर को की गई। पुलिस थाना रोहड़ू की टीम को सज्जर-शेखल सड़क के पास जुआ खेलने की गतिविधि की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और वहां जुआ खेल रहे चार व्यक्तियों को काबू किया।
इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। जुआ खेलने की गतिविधियों से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। शिमला पुलिस ने जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

