होम स्टे में जुआ खेलते छह लोग पकड़े, 17,500 रुपये बरामद
शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के झाकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होम स्टे के कमरे में जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 17,500 रुपये नकद और ताश के 52 पत्तों की एक गड्डी बरामद की है। इस मामले में पुलिस थाना झाकड़ी में जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को हेड कांस्टेबल संजीव कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे उन्हें एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि हल्टी के गैसोह के पास स्थित मेहता होम स्टे के कमरा नंबर 204 में कुछ लोग रुपये लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कमरे के बाहर कुशपाल मेहता नाम का व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने खुद को होम स्टे का मालिक बताया। इसके बाद पुलिस ने कमरे की जांच की तो अंदर छह लोग मौजूद मिले। इनमें विजय कुमार (45) निवासी उरनी जिला किन्नौर, कुशपाल मेहता (47) निवासी मशनू जिला शिमला, हरि केशव (50) निवासी रिब्बा जिला किन्नौर, भीम सेन (47) निवासी रिस्पा जिला किन्नौर, राजेंद्र कुमार (45), निवासी चकाली जिला कुल्लू और सतीश कुमार (42), निवासी कराना जिला कुल्लू शामिल थे।
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक कमरे में मौजूद लोग नकदी के साथ ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे थे। मौके से 17,500 रुपये नकद और 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की गई। पुलिस ने हेड कांस्टेबल संजीव कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

