home page

शिमला : जुआ खेलते पकड़े गए 23 लोग, 11,800 रुपये बरामद

 | 

शिमला, 10 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 लोगों को पकड़ा है। ये सभी एक भवन के कमरे में ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 11,800 रुपये की नकदी भी बरामद की है। पुलिस ने सभी 23 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह मामला जिले के देहा थाना क्षेत्र के गांव बालग का है। आठ नवंबर को देहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक भवन में जुआ खेलने का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित भवन में दबिश दी। वहां भूतल पर बने एक कमरे में 23 लोग ताश के पत्तों के साथ जुआ खेलते हुए मिले।

पुलिस टीम को कमरे में देखकर वहां मौजूद लोगों ने ताश के पत्ते फर्श पर फेंक दिए। पुलिस ने मौके की जांच के दौरान जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही 11,800 रुपये की नकदी बरामद की। इसके बाद मौके पर मौजूद सभी 23 लोगों की पहचान की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ देहा थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा