बीमा राशि के गबन का आरोप, एनजीओ की सचिव पर एफआईआर
शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिला के चौपाल उपमंडल अंतर्गत नेरवा थाना क्षेत्र में महिला उत्थान समिति से जुड़े सूक्ष्म जीवन बीमा प्रीमियम के कथित गबन का मामला सामने आया है। यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब लंबे समय से बीमा पॉलिसियों में जमा करवाई गई रकम के बारे में शिकायत सामने आई। प्रारंभिक जांच में आरोप लगा है कि कई लोगों द्वारा जमा करवाई गई धनराशि संबंधित खातों में सही तरीके से नहीं पहुंची।
पुलिस थाना नेरवा को थाना छोटा शिमला से सीसीटीएनएस के माध्यम से एक जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता दक्षिणा महिला उत्थान समिति की उप एजेंट हैं और सिरमौर के रोनहाट की निवासी हैं। उन्होंने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि महिला उत्थान समिति (एनजीओ) कार्यालय नेरवा की महिला सचिव ने वर्ष 2012 से 2024 के बीच जमा हुई बीमा राशि में गड़बड़ी की।
शिकायत के अनुसार उप एजेंट दक्षिणा और किरपा राम के माध्यम से कुल 52 लोगों की भारतीय सूक्ष्म जीवन बीमा पॉलिसियां जमा करवाई गई थीं। आरोप है कि इनमें से 24 लोगों द्वारा जमा की गई धनराशि का सचिव ने कथित तौर पर गबन कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद थाना नेरवा में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संबंधित दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

