शिमला में बैंक खाते से 16 लाख निकालने का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिमला के एक व्यक्ति के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) खाते से 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी से निकासी के मामले में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लेकर आई है।
पुलिस के अनुसार सदर शिमला थाने में दर्ज मामले की जांच एक शिकायत के आधार पर शुरू हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि 11 अक्टूबर 2025 से 14 अक्टूबर 2025 के बीच शिकायतकर्ता के एसबीआई खाते से कुल 16 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी अमान अली की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली। अमान अली दिल्ली के यमुना विहार का रहने वाला है और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम ने इन प्रयासों के आधार पर 19 अगस्त को दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र में आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया गया।
शिमला लाने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और खाते से निकाली गई 16 लाख रुपये की रकम तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही धोखाधड़ी में आरोपी की भूमिका और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पूरी जानकारी सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

