home page

विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, केस दर्ज

 | 

यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। चंडीगढ़ स्थित एक इमीग्रेशन फर्म पर आरोप है कि उसने एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूल लिए, लेकिन न तो वीजा दिलाया और न ही रकम वापस की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वह बेहतर रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसे सोशल मीडिया के माध्यम से एक इमीग्रेशन कंपनी का विज्ञापन मिला, जिसमें कम खर्च में विदेश भेजने का दावा किया गया था। संपर्क करने पर कंपनी के प्रतिनिधियों ने उसे भरोसे में लेकर ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह कंपनी के कार्यालय पहुंचा, जहां औपचारिक माहौल देखकर उसे विश्वास हो गया।

बताया गया कि तय समय सीमा तक वीजा प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी, लेकिन समय बीतने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई। बाद में आरोपितों ने फाइल खारिज होने का हवाला देकर पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, जो पूरा नहीं किया गया। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार