साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते मुहैया कराने वाले एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित साइबर ठगों को ठगी की रकम मंगाने और आगे ट्रांसफर करने के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इस नेटवर्क का संबंध कंबोडिया से संचालित हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय साइबर क्राइम सिंडिकेट से मिला है।
पुलिस के मुताबिक स्पेशल सेल थाने में दर्ज प्राथमिकी जांच के दौरान बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह की जानकारी मिली थी। पता चला कि गिरोह के सदस्य द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे हुए हैं और मेसर्स एमआर ट्रेडर्स के नाम से एचडीएफसी बैंक में खुले खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर पांच आरोपियों को पकड़ लिया। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से 'एसएमएस टूल्स' नाम का संदिग्ध ऐप मिला। इस ऐप को इस तरह व्यवस्थित किया गया था कि बैंक से आने वाले एसएमएस और ओटीपी अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंच जाएं। इससे ठग दूर बैठकर बैंक खातों का इस्तेमाल कर सकते थे। आरोपियों के फोन से वॉट्सऐप और टेलीग्राम चैट, क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन की जानकारी और अन्य डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
पुलिस को जांच में टेलीग्राम के सात ऐसे चैनलों की जानकारी मिली है, जिनके जरिए म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। आरोपित कंबोडिया में सक्रिय साइबर ठगों के लिए स्थानीय स्तर पर बैंक खाते जुटाने और उपलब्ध कराने का काम करते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजकर उसका स्रोत छिपाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान- अनीश खान (31), इंतखाब (27), अल्ताफ हुसैन (45), मोहम्मद महफूजार रहमान (41) और इजहार आलम (34) के रूप में हुई है। उनके पास से छह मोबाइल फोन और ट्रेडर्स के बैंक खाते की चेकबुक जब्त की गई। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, अतिरिक्त म्यूल खातों और कंबोडिया में बैठे नेटवर्क के संचालकों की पहचान करने में जुटी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

