home page

अभद्रता के आरोप में विदेशी पर्यटक शिमला में गिरफ्तार

 | 
अभद्रता के आरोप में विदेशी पर्यटक शिमला में गिरफ्तार


शिमला, 19 जून (हि.स.)। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर अभद्र व्यवहार एक अमेरिकी पर्यटक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर लोगों के प्रति अशोभनीय व्यवहार कर रहा था और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए विदेशी नागरिक की पहचान 37 वर्षीय जोशुआ क्रिश्चियन के रूप में हुई है, जो 215 E 65, न्यूयॉर्क, एनवाई-10065, संयुक्त राज्य अमेरिका का निवासी है। आरोपी इन दिनों शिमला में पर्यटक के तौर पर आया हुआ था।

मामले के अनुसार घटना शिमला के रिज मैदान की है, जहां इन दिनों पर्यटन सीजन अपने चरम पर है। गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग रोजाना रिज मैदान पर पहुंच रहे हैं। घटना के समय भी रिज पर काफी लोग मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी वहां घूम रहे लोगों और पर्यटकों की ओर उंगली दिखाते हुए अंग्रेजी में जोर-जोर से चिल्ला रहा था। उसके व्यवहार से वहां मौजूद लोग असहज हो गए। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद शिमला पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। पुलिस ने कम समय में ही विदेशी नागरिक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114 के तहत सार्वजनिक उपद्रव और अशोभनीय व्यवहार करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अभद्र, आपत्तिजनक या शांति भंग करने वाला व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा, चाहे वह स्थानीय व्यक्ति हो या बाहरी पर्यटक। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित और जिम्मेदार व्यवहार करें।

गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में शिमला के रिज मैदान पर हर दिन हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अभद्रता या हंगामे से न केवल लोगों को असुविधा होती है, बल्कि शहर की पर्यटन छवि पर भी असर पड़ सकता है। इसी कारण पुलिस इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा