home page

शिमला : फ्लैट से मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 

शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। न्यू शिमला के एक रिहायशी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब कई घंटों तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना देनी पड़ी। पुलिस ने जब गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरे के भीतर 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला।

पुलिस के अनुसार यह घटना न्यू शिमला के सेक्टर-04, ब्लॉक-50 की है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस थाना न्यू शिमला को सूचना मिली कि एक व्यक्ति इस फ्लैट में अकेले रहता है और काफी समय से अपने घर का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। आसपास के लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इससे चिंतित पड़ोसियों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही न्यू शिमला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का दरवाजा खोला गया। पुलिस जब कमरे के अंदर पहुंची तो वहां प्रवेश कुमार (50 वर्ष) पुत्र बिहारी लाल का शव मिला। उनकी पहचान गांव और डाकघर थुरल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के निवासी के रूप में हुई है। वे फिलहाल न्यू शिमला के इस फ्लैट में अकेले रह रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रवेश कुमार बिजली विभाग में अधिशासी अभियंता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त थे। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और एंग्जायटी की दवाइयां ले रहे थे। बताया गया है कि उनकी पत्नी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान भी नहीं है, जिसके कारण वे अकेले रह रहे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला भेज दिया है। फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है और पोस्टमार्टम शनिवार को करवाया जाएगा।

प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए जांच की जा रही है। मौके का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी किया और जांच से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा