कारोबारियों से 19.50 लाख की लूटपाट के पांच अरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर जिला पुलिस ने पुरानी लाजपत राय मार्केट से नकदी लेकर जा रहे दो कारोबारियों से 19.50 लाख लूटने के मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने वारदात से पहले ही कारोबारी की रेकी शुरू कर दी थी।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 9.90 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदा गया आइफोन-17 प्रो बरामद किया है। वारदात में शामिल कुछ चार अन्य आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी और बाकी रकम की बरामदगी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में छापेमारी जारी है।
उत्तरी जिले की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को पीड़ित मुकेश और रामेश्वर पुरानी लाजपत राय मार्केट स्थित कार्यालय से करीब 19.50 लाख रुपये लेकर स्कूटी से करोल बाग जा रहे थे। छत्ता रेल पार करने के बाद जीपीओ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोडरेज के बहाने रोककर विवाद शुरू कर दिया। आसपास लोगों के जमा होने पर आरोपित वहां से चले गए। इसके बाद रानी झांसी फ्लाईओवर पर चार-पांच बदमाशों ने स्कूटी रोककर दोनों के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग लूट लिया। मामले में कश्मीरी गेट थाने में एक अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और आटोमैटिक नंबर-प्लेट रिकग्निशन कैमरे खंगाले गए। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्ध पीड़ितों का लगातार पीछा करते दिखाई दिए। एक मोटरसाइकिल के नंबर से पुलिस उसके मालिक तक पहुंची। वारदात से पहले दानिश की लोकेशन चांदनी चौके के पास मौजूद मिली।
पुलिस ने तीन अक्टूबर को अभिषेक तिवारी, शाकिर, सुलेमान उर्फ शाहरुख और अरुण को गिरफ्तार किया। ये सभी गाजियाबाद के रहने वाले हैं और मनाली से दिल्ली लौट रहे थे। इसके बाद दूसरी मोटरसाइकिल के मालिक सुभाष कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि लूट के बाद आरोपितों ने रकम आपस में बांट ली और कुछ रकम मनाली में खर्च की। इनसे पूछताछ में पता चला कि दानिश, अमन, पिंटू और अन्य आरोपित नैनीताल भाग गए। पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

