home page

शिमला : देव समारोह के दौरान हवाई फायरिंग, महिला की मौत, एफआईआर दर्ज

 | 
शिमला : देव समारोह के दौरान हवाई फायरिंग, महिला की मौत, एफआईआर दर्ज


शिमला, 27 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में एक धार्मिक आयोजन के दौरान हवाई फायरिंग की घटना में एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा रविवार की आधी रात करीब 12:45 बजे चिड़गांव थाना क्षेत्र के कुलगांव में हुआ, जहां स्थानीय आराध्य देवता की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और देर रात तक पारंपरिक नृत्य और उत्सव का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान खुशी जाहिर करने के लिए की गई हवाई फायरिंग एक दुखद हादसे में बदल गई। गोली 26 वर्षीय रितिका को जा लगी, जो सतीश की पत्नी थीं और बकोरा गांव (डाकघर कांथली, तहसील चिड़गांव) की निवासी थीं। रितिका भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने आई थीं।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे समारोह का माहौल बदल दिया और जहां कुछ देर पहले तक उत्सव का माहौल था, वहां मातम छा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसे देव अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक हथियारों के साथ शामिल होते हैं। देवलू बंदूकों के अलावा तलवारें, डांगरू (स्थानीय पहाड़ी हथियार), खुखरी जैसे हथियार लेकर नाचते हैं और कई बार खुशी जाहिर करने के लिए हवाई फायरिंग भी करते हैं। बताया जा रहा है कि इसी तरह की फायरिंग के दौरान यह हादसा हुआ।

हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और कई लोग हथियारों के साथ थे, जिससे आरोपी की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

पुलिस के एक अधिकारी ने आज सुबह बताया कि इस मामले में चिड़गांव थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी की पहचान कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा