home page

गेम जोन क्लब में भीषण आग के बाद मिला जला कंकाल, जांच में जुटी पुलिस

 | 
गेम जोन क्लब में भीषण आग के बाद मिला जला कंकाल, जांच में जुटी पुलिस


जबलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र के मानेगांव स्थित फडिंगो गेम जोन क्लब में बुधवार देर रात लगी भीषण आग के बाद एक जला हुआ कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि वह क्लब का ही कोई कर्मचारी हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय क्लब में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग बुझने के बाद जब पुलिस ने परिसर की जांच की, तो अंदर एक युवक का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। गुरुवार सुबह एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही क्लब के मालिक वासु गुप्ता की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक