home page

जबलपुर में शातिर बदमाश अवैध पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार

 | 
जबलपुर में शातिर बदमाश अवैध पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार


जबलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर थाना पुलिस ने एक शातिर बदमाश को देशी पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी.नागोतिया के मार्गदर्शन में गोरखपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

शनिवार को थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया, रामपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिलाकुंज नयागांव क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर किसी वारदात की नीयत से घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे घेरकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज उर्फ बाबा सोनकर निवासी भरतीपुर, शिव-पार्वती मंदिर के पास ओमती बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर में खोंसी हुई एक देशी पिस्टल बरामद हुई। जांच करने पर पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड मिला।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नीरज उर्फ बाबा सोनकर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके विरुद्ध मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत पांच आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक