home page

जबलपुर में बम धमकी से मचा हड़कम्प, हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय में सघन जांच

 | 
जबलपुर में बम धमकी से मचा हड़कम्प, हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय में सघन जांच


जबलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइन स्थित हेड पोस्ट ऑफिस व पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल आने से आज हड़कम्प मच गया।

बताया गया है कि बुधवार को पोस्ट ऑफिस अधीक्षक को एक ईमेल मिला, जिसमें कुछ ही देर में आफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी काम छोड़कर तत्काल बाहर निकल आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद बम स्क्वाड व अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने हेड पोस्ट ऑफिस के सभी विभागोंए पार्सल सेक्शन और पासपोर्ट कार्यालय में करीब एक घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिलने पर राहत की सांस ली गई और धमकी को फिलहाल फर्जी माना जा रहा है। हालांकि, ई-मेल में मध्य प्रदेश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक