पैसे के विवाद को लेकर फायरिंग, एक घायल
शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल के झाखड़ी थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कथित तौर पर एक युवक पर गोली चला दी गई। घटना में गाड़ी का शीशा टूट गया और शिकायतकर्ता युवक के सिर में चोट आई है।
थाना झाखड़ी में राजेश डोगरा (25) निवासी गांव कोटी, डाकघर धार-गौरा, तहसील रामपुर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में राजेश ने बताया कि वह उसी दिन अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पियूष के साथ अनिल कुमार की कार (HP06A8618) में अपने गांव कोटी लौट रहा था।
राजेश के अनुसार दोपहर करीब 11:30 बजे जब उनकी गाड़ी दोई गाड़ (डोबी) के पास पहुंची तो वहां उनकी मुलाकात सुरेश कुमार से हुई, जिसके साथ पहले से पैसों का लेन-देन विवाद चल रहा था। आरोप है कि बातचीत के दौरान सुरेश कुमार ने बहस शुरू कर दी और राजेश को जान से मारने की धमकी देने लगा।
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान सुरेश कुमार ने अपनी गाड़ी से एक छोटी बंदूक निकाली। यह देखकर राजेश और उसके साथी डर गए और तुरंत गाड़ी में बैठकर वहां से निकलने लगे। आरोप है कि तभी सुरेश कुमार ने मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली गाड़ी में चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के ऊपर लगी, जिससे शीशा टूट गया। इस घटना में राजेश के सिर में भी चोट आई है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना झाखड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।मामले की जांच स्वयं थाना प्रभारी कर रहे हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

