home page

नालागढ़ में फायरिंग की तीन घटनाओं में चार आरोपी गिरफ्तार

 | 
नालागढ़ में फायरिंग की तीन घटनाओं में चार आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में पिछले दिनों अलग-अलग स्थानों पर हुई फायरिंग की तीन घटनाओं में बद्दी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों घटनाएं अक्टूबर महीने में हुई थीं। इनमें दो वारदातें बूटा पलासी गांव में घरों के बाहर और तीसरी गोल जमाला स्थित एक औद्योगिक इकाई के मुख्य गेट पर हुई थी।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने शुक्रवार को बताया कि पहली घटना 14 अक्टूबर की रात बूटा पलासी गांव में हुई थी। यहां रणवीर सिंह के घर के बाहर अज्ञात बाइक सवारों ने हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद 23 और 24 अक्टूबर की मध्यरात्रि इसी गांव में मनप्रीत सिंह के घर के बाहर गोलियां चलाई गईं। इस दौरान चार राउंड फायर किए गए, जिनमें से दो गोलियां घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगी थीं।

फायरिंग की तीसरी घटना 25 अक्टूबर को गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई थी। यहां बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने करीब पांच राउंड फायर किए थे। लगातार हुई इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीमें गठित की थीं।

एसपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने 29 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान उपकार सिंह निवासी रूपनगर, राजिंदर कुमार निवासी बिलासपुर, देवेंद्र सिंह निवासी आनंदपुर साहिब और अमृतपाल सिंह निवासी रूपनगर के रूप में हुई है। इनमें रूपनगर और आनंदपुर साहिब पंजाब में हैं, जबकि बिलासपुर हिमाचल प्रदेश में है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB 65 BL 9086, पांच मोबाइल फोन, एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि चारों आरोपियों को 30 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, जिससे फायरिंग की घटनाओं के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस फिरौती की मांग से संभावित संबंध, हथियारों की आपूर्ति और किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता के पहलुओं की भी जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और फिरौती मांगने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को धमकी मिलने या फिरौती की मांग किए जाने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा