पुलिस, थाना प्रभारी और विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर एफआईआर
शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर पुलिस कर्मियों, ठियोग के थाना प्रभारी और स्थानीय विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रकाशित करने के मामले में शिमला जिले के ठियोग थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने फेसबुक पेज 'आस्था फाउंडेशन ट्रस्ट' पर पिछले कई दिनों से प्रकाशित पोस्ट को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की पांच धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में एक सम्मानित स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल किए जाने का उल्लेख है।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर को ठियोग के थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम टोमर ने अपना फेसबुक अकाउंट खोला तो उन्हें 'आस्था फाउंडेशन ट्रस्ट' नाम के फेसबुक पेज पर पिछले कई दिनों से प्रकाशित कई पोस्ट दिखाई दीं। इन पोस्ट में पुलिस कर्मियों के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। पोस्ट में थाना प्रभारी ठियोग, क्षेत्र के स्थानीय विधायक और समाज के एक सम्मानित व्यक्ति के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
थाना प्रभारी श्याम टोमर ने अपनी शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से ऐसी पोस्ट प्रसारित कर पुलिस विभाग और उसके कर्मचारियों की सामाजिक प्रतिष्ठा, सम्मान और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने का जानबूझकर प्रयास किया गया है। इससे आम जनता के बीच पुलिस विभाग के प्रति विश्वास को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई है।
इस शिकायत के आधार पर ठियोग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 353(3), 356(2), 221 और 196(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस फेसबुक पेज पर प्रकाशित पोस्ट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

