सोशल मीडिया पोस्ट पर कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में एफआईआर
शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने 10 नवंबर को प्रकाशित पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौतों को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान से जोड़कर पेश करने पर आपत्ति जताई है। शिमला शहर के बालूगंज पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2), 196(1)(बी) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कसुम्पटी निवासी अतुल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कंगना ने अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो साझा किया था। इसमें सोनिया गांधी को 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताते हुए राजीव गांधी से विदेश में एक कैफे में उनकी मुलाकात का जिक्र किया गया। पोस्ट में इसके बाद इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों तथा सोनिया गांधी के राजनीतिक रूप से प्रभावशाली होने की घटनाओं को एक साथ प्रस्तुत किया गया। इसमें 'हाउ कन्वीनिएंट' यानी 'कितना सुविधाजनक' जैसी टिप्पणी भी की गई थी। शिकायत में संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से बाहर किए जाने संबंधी टिप्पणी का भी उल्लेख है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इन घटनाओं को इस तरह जोड़कर पेश करने से तीनों नेताओं की मौतों और बाद के राजनीतिक घटनाक्रम के बीच संदेह पैदा हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई है कि विदेशी मूल से संबंधित टिप्पणियों से लोगों के बीच वैमनस्य फैल सकता है। शिकायत में बीएनएस की धारा 196 और 353 के तहत कार्रवाई की मांग की गई थी। साथ ही राष्ट्रीय एकता से संबंधित धारा 197(1)(डी) की जांच का अनुरोध भी किया गया था। हालांकि, दर्ज एफआईआर में धारा 197 शामिल नहीं है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता, उसके मूल लिंक, प्रकाशन के समय और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच करने की मांग की है। उन्होंने पोस्ट के साथ साझा वीडियो का यूट्यूब लिंक भी दिया है और उसके मूल स्रोत तथा वास्तविक संदर्भ की पुष्टि करने का आग्रह किया है। पोस्ट के प्रसार और लोगों की प्रतिक्रियाओं की जांच करने की मांग भी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिकायत 13 नवंबर को एसपी कार्यालय के माध्यम से थाने पहुंची थी। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मदन लाल को सौंपी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

