सेब कारोबारी से लाखों की ठगी, एफआईआर
शिमला, 03 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिला की सेब मंडी पराला में आढ़तियों के साथ धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है। महाराष्ट्र का एक व्यापारी लाखों रुपये के सेब खरीदने के बाद बकाया 7 लाख रुपये से अधिक की रकम चुकाए बिना फरार हो गया है। ठगी का शिकार हुए कारोबारी की शिकायत पर ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस थाना ठियोग में दी गई शिकायत में विपन्न चौहान पुत्र सुरिंद्र सिंह ने बताया कि वह ए.पी.एम.सी. पराला में सिका ट्रेडर्ज दुकान नंबर-29 का प्रोपराइटर है। उसने बताया कि महाराष्ट्र के नालासोपारा निवासी विनोद कुमार ने इस सीजन में उनसे बड़े पैमाने पर सेब की खरीद की थी।
आरोपी विनोद कुमार ने कुल 10,94,291 रुपये के सेब खरीदे थे। इसमें से उसने 3,90,001 रुपये का भुगतान तो कर दिया, लेकिन शेष 7,04,290 रुपये देने में आनाकानी करता रहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी 28 अगस्त को पराला मंडी से सेब की खेप लेकर भाग गया। जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। पैसे न मिलने और व्यापारी के गायब होने पर आढ़ती ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत के आधार पर ठियोग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद कुमार के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में बी.एन.एस. की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

