शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप के नाम से फिर बना फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट, पुलिस में शिकायत दर्ज
शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। शिमला के उपायुक्त व आईएएस अधिकारी अनुपम कश्यप के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक बार फिर फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि अगर इस फर्जी अकाउंट से किसी व्यक्ति को संदेश भेजकर पैसे की मांग की जाती है तो ऐसे संदेशों पर भरोसा न करें और तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराएं।
जानकारी के अनुसार फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट जिस मोबाइल नंबर से बनाया गया है, वह थाईलैंड का नंबर है। इस नंबर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप का नाम और फोटो लगाया गया है। इससे लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई है। जिला प्रशासन की ओर से इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फर्जी अकाउंट से आने वाले संदेश, कॉल या पैसों से जुड़ी मांग का जवाब न दें। अगर कोई व्यक्ति उपायुक्त के नाम से बने इस अकाउंट के माध्यम से पैसे मांगता है तो उस अकाउंट को रिपोर्ट करें और इसकी सूचना पुलिस को दें।
यह पहली बार नहीं है जब उपायुक्त अनुपम कश्यप के नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बनाया गया है। इससे पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रशासन ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम से आने वाले संदिग्ध संदेशों की पुष्टि किए बिना कोई आर्थिक लेनदेन न करें। अधिकारियों के नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ठगने की कोशिश करने वाले ऐसे मामलों में सतर्कता बरतना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

