home page

बाइक को टक्कर मारने का बहाना कर वृद्ध से छह हजार रुपये छीने, संदिग्ध हिरासत में

 | 
बाइक को टक्कर मारने का बहाना कर वृद्ध से छह हजार रुपये छीने, संदिग्ध हिरासत में


जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। शहर के डीआरएम कार्यालय स्थित खतरनाक पुलिया क्षेत्र में एक वृद्ध को सड़क दुर्घटना का झांसा देकर उसकी जेब से छह हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। सरदारपुरा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि न्यू पावर हाउस रोड, सेक्टर-7 निवासी 77 वर्षीय पारसमल भंसाली 2 जून की रात बाइक से डीआरएम कार्यालय के पास खतरनाक पुलिया क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक मोपेड सवार युवक ने उनकी बाइक के आगे वाहन लगाकर रोक लिया और आरोप लगाया कि उनकी बाइक से उसकी मोपेड टकरा गई है।

आरोपी ने मोपेड का बोनट और अन्य हिस्से टूटने की बात कहकर हर्जाने के रूप में दो हजार रुपये की मांग की। इस दौरान बातचीत और बहस के बीच उसने वृद्ध की जेब से छह हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश